नर्मदापुरमः सोहागपुर में घर की छत पर मिले युवक-युवती के शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
नर्मदापुरम, 02 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र के भटगांव में सोमवार सुबह एक घर की छत पर बने बाथरूम में युवक और युवती के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों के सिर में गोली लगी हुई थी। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। ऑनर किलिंग की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
मृतकों की पहचान रिंकी पुरवइया (21), निवासी भटगांव, सोहागपुर और अरुण पुरवइया (28), निवासी गोरा मचवाई गांव, जिला रायसेन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के शव रिंकी के घर की छत पर बने बाथरूम में पाए गए। सबसे पहले रिंकी के पिता सुरेश पुरवइया ने सुबह करीब 7 बजे शव देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, रात करीब साढ़े 12 बजे रिंकी को छत पर देखा गया था। सोहागपुर एसडीओपी संजू चौहान, थाना प्रभारी उषा मरावी, शोभापुर पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश चौहान ने मौका-मुआयना किया है।
युवक के हाथ में पिस्तौल बरामद
एसपी साईंकृष्णा थोटा ने बताया कि दोनों के सिर में गोली लगी है। घटनास्थल से अरुण के हाथ में पिस्तौल भी मिली है। इससे प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और बाद में खुद को गोली मार ली। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। नर्मदापुरम से एफएसएल अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। अभी जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे