नर्मदापुरम: इटारसी के गुरुमाया चिल्ड्रन हॉस्पिटल में तड़के लगी आग, एसी और फर्नीचर जलकर खाक

 


- अस्पताल स्टाफ की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

नर्मदापुरम, 30 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शनिवार तड़के एक बच्चों के अस्पताल में आग लग गई। हालांकि अस्पताल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू कर दिया। आग की चपेट में आकर कार्यालय में रखा एसी, सोफा, डॉक्टर की कुर्सी और मेज जल गए हैं। राहत की बात है कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, मामला लक्कड़गंज इलाके में बीएसएनएल कार्यालय के पास स्थित 'गुरुमाया चिल्ड्रन हॉस्पिटल' का है, जहां शनिवार तड़के अचानक आग भड़क उठी। आग अस्पताल के कार्यालय (ऑफिस) के अगले हिस्से में लगी थी, जिसने देखते ही देखते वहां रखे फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के वक्त अस्पताल परिसर से अचानक धुएं का गुबार उठता देख वहां नाइट ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी और पैरामेडिकल स्टाफ तुरंत एक्शन में आ गए। उन्होंने बिना वक्त गंवाए अपने स्तर पर ही उपलब्ध संसाधनों से आग को बुझाने और उसे नियंत्रित करने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि, जब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जाता, तब तक कार्यालय के भीतर लगा एयर कंडीशनर, सोफा, डॉक्टर की कुर्सी और टेबल पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।

आग लगने की सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत की बात यह रही कि दमकल के पहुंचने से पहले ही अस्पताल के सजग स्टाफ ने आग की लपटों को काफी हद तक दबा दिया था। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विवेकचरण दुबे ने बताया कि शुरुआती मुआयने और जांच में यह सामने आया है कि ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर बॉक्स में संभवतः शॉर्ट सर्किट हुआ था। डीवीआर बॉक्स में उठी चिंगारियों ने पास ही मौजूद सोफे और अन्य लकड़ी के फर्नीचर को पकड़ लिया, जिससे आग फैल गई।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आग सिर्फ दफ्तर के अगले हिस्से तक ही सीमित रही। अस्पताल का मुख्य वार्ड और वहां भर्ती मासूम बच्चे व उनके परिजन पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल, पुलिस और फायर विभाग की तकनीकी टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत