नर्मदापुरम में पुलिस ने कार से 16 पेटी अंग्रेजी शराब की जब्त, भोपाल से आया तस्कर गिरफ्तार
नर्मदापुरम, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के नर्मदा नदी के 5 किलोमीटर के दायरे में लागू सख्त शराब प्रतिबंध के बावजूद अवैध शराब खपाने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। नर्मदापुरम की कोतवाली थाना पुलिस ने मंगलवार रात एक बेहद गोपनीय और त्वरित कार्रवाई करते हुए बीटीआई नर्मदा मंदिर रोड पर घेराबंदी कर एक कार से 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस को मंगलवार रात मिली एक पुख्ता और गोपनीय सूचना के बाद हाथ लगी। मुखबिर ने सटीक इनपुट दिया था कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, जिसका पंजीयन क्रमांक एमपी 04 जेडएस 8355 है, भारी मात्रा में अवैध शराब लोड कर भोपाल की ओर से बीटीआई नर्मदा मंदिर क्षेत्र की तरफ आ रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की स्पेशल टीम तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए रूट पर रणनीतिक घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध कार वहां पहुंची, अलर्ट पुलिस जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।
पुलिस टीम ने जब कार को रोककर उसकी गहन तलाशी ली, तो कार की डिक्की का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। डिक्की के भीतर अवैध शराब की पेटियां ठसाठस भरी हुई थीं। पुलिस ने कार से कुल 16 पेटी (180 एमएल के क्वार्टर) अंग्रेजी शराब जब्त की। इसमें 10 पेटी 'ऑफिसर्स च्वाइस' और 6 पेटी 'गोआ' ब्रांड की अंग्रेजी शराब शामिल है।
जब्त की गई शराब की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है। अवैध शराब के साथ पकड़े गए कार चालक की पहचान गणेश सिंह रघुवंशी के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से पटेल नगर, शहडोल का निवासी है, लेकिन वर्तमान में वह भोपाल के कौशल्या नगर (अवधपुरी क्षेत्र) में रहकर इस अवैध नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी गणेश सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
कोतवाली थाने में हुई शुरुआती पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह शराब भोपाल से लेकर आया था और इसे नर्मदापुरम शहर के भीतर ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। स्थानीय पुलिस अब इस बात की गहन तफ्तीश में जुटी है कि नर्मदापुरम में इस शराब की डिलीवरी लेने वाले स्थानीय सिंडिकेट के मोहरे कौन थे। फिलहाल, पुलिस आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स और रूट नेटवर्क को खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत