नर्मदापुरम: दुष्कर्म के आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे किया जाम

 


नर्मदापुरम, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के माखननगर क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के एक सप्ताह बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ। गुरुवार रात बड़ी संख्या में ग्रामीण नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर उतर आए और चक्काजाम कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

ग्रामीण रात करीब 10 बजे सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई तथा उसके परिवार को गांव से बाहर करने की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर स्पष्ट और ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। सूचना मिलते ही तहसीलदार सुनील गढ़वाल और माखननगर थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।

28 जुलाई की घटना, आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को 10 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। घटना के समय बच्ची अपने दो छोटे भाइयों के साथ घर पर थी, जबकि उसकी मां और दादी धान की रोपाई के लिए खेत गई थीं। शाम को बच्ची ने पेट दर्द की शिकायत के दौरान अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे, जहां आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने 29 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पीड़िता का दूर का रिश्तेदार और पड़ोसी है। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे