बरगी डैम के पानी से सेठानी घाट पर 24 घंटे में 3.4 फीट बढ़ा नर्मदा का जलस्तर, लोगों से घाटों से दूर रहने की अपील
नर्मदापुरम, 22 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम के 13 गेट खोले जाने के बाद छोड़ा गया पानी शुकवार-शनिवार रात नर्मदापुरम पहुँच गया, जिससे मां नर्मदा के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सेठानी घाट पर पिछले 24 घंटों के भीतर जलस्तर लगभग 3.4 फीट बढ़ गया है और नदी सामान्य स्तर से करीब 10 फीट ऊपर बह रही है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से नदी तथा घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में जबलपुर स्थित बरगी डैम से छोड़ा गया पानी शुक्रवार-शनिवार रात पहुँच गया, जिसके बाद से मां नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पानी की आवक बढ़ने के कारण प्रसिद्ध सेठानी घाट की सीढ़ियां जलमग्न हो गई हैं और पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 3.4 फीट तक बढ़ चुका है। फिलहाल सेठानी घाट पर नर्मदा नदी अपने सामान्य स्तर से करीब 10 फीट ऊपर बह रही है। डैम पॉइंट से मिली जानकारी के अनुसार, जलस्तर में हर घंटे लगभग 0.10 से 0.20 फीट की वृद्धि दर्ज की जा रही है। राहत की बात यह है कि नर्मदा का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से 23.8 फीट नीचे है। हालांकि, जलस्तर बढ़ने की रफ्तार को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और लोगों को घाटों के नजदीक न जाने की हिदायत दी जा रही है।
बरगी डैम के खोले गए 13 गेट
जबलपुर के बरगी डैम से लगभग तीन दिन पहले पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शुरुआत में डैम के 9 गेट खोले गए थे, लेकिन पानी की आवक बढ़ने पर गेटों की संख्या बढ़ाकर 13 कर दी गई। इन गेटों से लगातार भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जिसका सीधा असर अब नर्मदापुरम में देखने को मिल रहा है।
तवा डैम का जलस्तर भी बढ़ा
बरगी डैम के अलावा, नर्मदापुरम के तवा डैम में भी जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार सुबह तवा डैम का जलस्तर बढ़कर 1145 फीट पहुँच गया, जो एक दिन पहले तक 1144.30 फीट था। फिलहाल तवा डैम अपने फुल लेवल से करीब 21 फीट और गवर्निंग लेवल से लगभग 17 फीट नीचे है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम के लिहाज से आगामी दिनों के लिए राहत की खबर है। मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मौसम सिस्टम नर्मदापुरम तक पहुँचते-पहुँचते कमजोर पड़ रहे हैं। इस कारण अगले पांच दिनों तक जिले में किसी भारी बारिश की संभावना नहीं है। इस मानसून सीजन में अब तक जिले में करीब 23 इंच बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक 39.87 इंच बारिश हो चुकी थी।
प्रशासन लगातार बरगी डैम से आ रहे पानी और नर्मदा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। खतरे की आशंका को टालने के लिए घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत