सागर के पद्माकर सभागार में गूंजा 'नारी शक्ति वंदन', सांसद लता वानखेड़े और विधायक शैलेंद्र जैन ने भरा उत्साह

 


सागर, 13 अप्रैल (हि.स.)। सागर शहर के पद्माकर सभागार में 13 अप्रैल को 'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में जिले की निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विज्ञान भवन, नई दिल्ली से प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तन्मयता से सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि आज महिला सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखा जा रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा: कि महिलाएं पारंपरिक रूप से दो कुलों का आभूषण मानी जाती रही हैं, लेकिन आज का भारत बदल चुका है। अब हमारी बेटियां न केवल घर की दहलीज लांघ रही हैं, बल्कि फाइटर प्लेन उड़ाकर देश की सीमाओं की रक्षा भी कर रही हैं। उन्होंने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के साथ-साथ 'बेटी बढ़ाओ' के संकल्प पर जोर दिया और बताया कि आगामी 16 से 18 अप्रैल के बीच होने वाली गतिविधियां इस दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।

सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि वर्तमान समय महिलाओं के उत्कर्ष का काल है। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा: महिलाओं की सुरक्षा को सुगम बनाने के लिए अब पुलिसिंग को आधुनिक बनाया गया है। रसोई के धुएं से माताओं को मुक्ति दिलाकर उनके स्वास्थ्य की रक्षा की गई। प्रसव काल में बेहतर पोषण और बच्चों के टीकाकरण ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांति ला दी है।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मातृशक्ति को निरंतर सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि 16 से 18 अप्रैल के बीच आयोजित होने वाले विशेष सत्र में महिला आरक्षण और उनसे जुड़ी विशेष सुविधाओं पर चर्चा की जाएगी।

इस अवसर पर मंच पर और सभागार में कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जगन्नाथ गुरैया, आशालता सिलाकारी, विजय जैन, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, एसडीएम अमन मिश्रा, महिला बाल विकास अधिकारी भरत सिंह राजपूत, सहायक आयुक्त अदिति शांडिल्य शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे