बड़वानीः नारद जयंती कार्यक्रम एवं वार्षिक साधारण सभा संपन्न
बड़वानी, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी में रविवार को प्रेस क्लब द्वारा महर्षि नारद जयंती के उपलक्ष्य में मीडिया संगोष्ठी एवं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन बावनगजा स्थित जैन तीर्थ परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने “स्वदेशी दृष्टि, वैश्विक स्वर : भारतीय मीडिया का नया युग” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, रीति-रिवाज एवं मूल्यों को विश्व में श्रेष्ठ बताते हुए भारतीय मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भूपेंद्र भार्गव, प्राध्यापक शहीद भीमानायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी ने कहा कि भारत की प्राचीन मान्यताएं, ज्ञान-विज्ञान एवं संस्कृति विश्व में सदैव अग्रणी रही है। उन्होंने चाणक्य के अर्थशास्त्र का उल्लेख करते हुए कहा कि ईस्वी सन से पहले भारत का गौरवशाली इतिहास रहा है। विदेशी लोग किसी नई तकनीक अथवा वस्तु की जानकारी को “सर्च” नहीं बल्कि “रिसर्च” कहते हैं, क्योंकि अनेक वस्तुओं एवं तकनीकों की खोज भारत में पहले ही हो चुकी थी।
कार्यक्रम अध्यक्ष विजय यादव अधिवक्ता ने वर्तमान दौर की पत्रकारिता, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ सोशल मीडिया और एआई के बढ़ते प्रभाव पर अपने विचार व्यक्त किये। उन्होंने महर्षि नारद के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उन्हें विश्व का आदि पत्रकार बताया।
इस अवसर पर जैन तीर्थ बावनगजा ट्रस्ट की ओर से मनीष जैन द्वारा प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं सचिव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मनीष जैन, संजय बामनिया, रुपेश दवाने, लखन विश्वकर्मा एवं दीपक जेमन ने भी बदलते सामाजिक परिवेश में पत्रकारों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के पश्चात आयोजित प्रेस क्लब की वार्षिक साधारण सभा में वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन एवं वार्षिक वित्तीय प्रतिवेदन पारित किये गये। साथ ही 15 अगस्त एवं 26 जनवरी के अवसर पर पत्रकारों को सम्मानित किये जाने हेतु जिला कलेक्टर से चर्चा करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / Rajesh Rathore