नलखेड़ा में 8 श्रद्धालुओं की मौत के विरोध में व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखकर जताया विरोध, मंदिर में हवन-पूजन भी ठप

 




आगर मालवा, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में स्थित मां बगलामुखी मंदिर के पास हुए हादसे में आठ श्रद्धालुओं की मौत के विरोध में रविवार को नलखेड़ा नगर बंद रहा। मां बगलामुखी भक्त मंडल के आह्वान पर व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन का समर्थन किया। नगर के अधिकांश बाजार और व्यापारिक गतिविधियां बंद रहीं। जरूरी सेवाओं को बंद से बाहर रखा गया।

आंदोलन के तहत मंदिर में हवन-पूजन और अनुष्ठान कराने वाले पंडितों व आचार्यों ने भी अपनी सेवाएं बंद रखीं। इससे रविवार को मंदिर परिसर में हवन-अनुष्ठान नहीं हुए। नगरवासियों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र और हादसे वाले मार्ग की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुए।

पांच दिन से धरना, अब अनिश्चितकालीन बंद

हादसे के बाद से नलखेड़ा में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बनी हुई है। भक्त मंडल और नगरवासी पिछले कई दिनों से धरना दे रहे हैं। शनिवार को नगर में रैली निकालकर हादसे के लिए जिम्मेदारी तय करने, मंदिर मार्ग की व्यवस्थाएं सुधारने और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई गई थी। इसके बाद 27 सितंबर से अनिश्चितकालीन नगर बंद का ऐलान किया गया था।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आंदोलन का उद्देश्य हादसे के बाद जवाबदेही तय कराना और मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुधार कराना है। नगरवासियों का आरोप है कि गंभीर हादसे के बाद भी उनकी अपेक्षा के अनुरूप ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

हादसे में तीन बच्चों समेत आठ की हुई थी मौत

गाैरतलब है कि बीती 19 सितंबर को मां बगलामुखी मंदिर के पास तेज बारिश के दौरान बरसाती नाले के तेज बहाव में श्रद्धालुओं से भरी कार बह गई थी। हादसे में तीन बच्चों और दो महिलाओं समेत आठ श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। मृतकों में सात श्रद्धालु ओडिशा के बताए गए थे। हादसे के बाद मंदिर की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने कुछ बदलाव भी किए हैं। मंदिर में रात 8 बजे के बाद हवन, यज्ञ और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था।

फिलहाल नगर बंद के बीच नलखेड़ा में आंदोलन जारी है। नगरवासी हादसे की जिम्मेदारी तय करने और मंदिर मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे