नागदाः युवक ने घरेलू विवाद में कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या की

 


नागदा, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में मंगलवार शाम एक युवक ने कथित रूप से कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, रोहित पुत्र रमेशचंद्र, निवासी नागदा ने घर में हुए किसी विवाद के बाद कुएं में छलांग लगा दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक शराब के नशे में था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

नगरपालिका कर्मचारी सुरेंद्र यादव एवं कमल ने कुएं में उतरकर युवक के शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया