नागदाः दुर्घटना मामले में बहुराष्ट्रीय कंपनी लैक्सेस के दो प्रबंधकों को नोटिस जारी
नागदा, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में औद्योगिक नगर नागदा स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी लैक्सेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में हुए दुर्घटना प्रकरण में कंपनी के दो अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के संभागीय अधिकारी ने मामले में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया है।
नोटिस स्थानीय प्रबंधक सुनील गुलाटी तथा कंपनी के मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय में पदस्थ कारखाना अधिभोगी बलवीर गोविंद खोद के नाम भेजा गया है। दोनों अधिकारियों को सात दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारी ने की पुष्टि
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के संभागीय अधिकारी हिमांशु सोलोमन से मगलवार को संपर्क करने पर इस संवाददाता से चर्चा में उन्होंने नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यदि संबंधित अधिकारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके विरुद्ध न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार 30 मई को लैक्सैस उद्योग में कार्य के दौरान मजदूर ओमकार यादव और होकम सिंह दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो गए थे। हादसे में ओमकार यादव गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया था। विभागीय जांच के दौरान सुरक्षा संबंधी प्रावधानों एवं निगरानी में लापरवाही के संकेत मिलने पर अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब विभाग उनके जवाब का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया