नागदा में केमिकल से भरे टैंकर से रिसाव, लोगों की आंख में हुई जलन

 


नागदा, 21 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के औद्योगिक नगर बिरला ग्राम नागदा के ग्रेसिम उद्योग के स्टेपल फाइबर डिवीजन के पावर हाउस गेट के बाहर सोमवार दोपहर बाद केमिकल से भरे टैंकर में अचानक रिसाव होने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

रिसाव के बाद क्षेत्र में लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होने की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलते ही उद्योग के सुरक्षा विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

जानकारी के अनुसार, टैंकर उद्योग में प्रवेश करने से पहले बिरला ग्राम मुख्य मार्ग पर खड़ा था। इसी दौरान टैंकर से केमिकल का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव की सूचना मिलते ही सुरक्षा विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टैंकर को मुख्य मार्ग से हटाकर उद्योग परिसर के भीतर ले जाया गया, जहां रिसाव पर काबू पाने की कार्रवाई की गई।

टैंकर में कौन सा केमिकल भरा था, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, अपुष्ट जानकारी में टैंकर में एसिटिक एसिड भरे होने की बात सामने आई है। रिसाव किस कारण से हुआ, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर बिरला ग्राम मुख्य मार्ग पर यातायात रोक दिया गया। मौके पर बिरला ग्राम पुलिस तैनात रही। करीब 200 मीटर क्षेत्र में कुछ लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हुई।

फिलहाल केमिकल की प्रकृति, रिसाव के कारण तथा घटना में किसी व्यक्ति के प्रभावित होने के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया