नागदा : जैन समाज के विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली जानी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से किया संवाद
नागदा, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा के जैन समाज के विद्यार्थियों ने मंगलवार को भोपाल पहुंचकर मध्यप्रदेश विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और लोकतांत्रिक व्यवस्था की विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
नागदा-खाचरौद विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों की मुलाकात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से कराई गई। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विधानसभा भ्रमण से मिले अनुभवों के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को समझना युवाओं के व्यक्तित्व विकास और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक डॉ. चौहान ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और सुशासन की कार्यप्रणाली के प्रति समझ विकसित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस अनुभव से विद्यार्थियों में जनसेवा और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति सकारात्मक सोच को बल मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया