नागदा की भाग्यश्री ने राष्ट्रीय कविता पाठ प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान

 


नागदा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा की छात्रा भाग्यश्री देवड़ा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। राजस्थान के लाडनूं में आयोजित अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट-2026 की राष्ट्रीय कविता पाठ प्रतियोगिता के सीनियर ग्रुप में भाग्यश्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समारोह में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने उन्हें पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता के सम्मान समारोह में करीब एक हजार प्रबुद्धजन उपस्थित थे। भाग्यश्री को पुरस्कार के लिए मंच पर आमंत्रित किए जाने पर पूरा सभागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी इस उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

भाग्यश्री बिड़लाग्राम स्थित आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। शुक्रवार को नागदा लौटने पर स्कूल में उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। भाग्यश्री बचपन से ही वाद-विवाद प्रतियोगिताओं और विभिन्न सृजनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं।

उनके पिता नरेंद्र देवड़ा स्थानीय लैक्सेस उद्योग में कार्यरत हैं। बेटी की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया