नागदाः जैन नारी मंच ने जरूरतमंदों को वितरित किए वस्त्र

 


नागदा, 6 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में जैन नारी शक्ति मंच ने गुरुवार को अपने प्रथम सेवा प्रकल्प के तहत पाल्या कला में जरूरतमंद परिवारों को वस्त्र वितरित किए। कार्यक्रम में महिलाओं को साड़ियां, पुरुषों को कुर्ता-पायजामा तथा बच्चों को ड्रेस भेंट की गई।

मंच के संस्थापक-संचालक राजेश सकलेचा के मार्गदर्शन में आयोजित सेवा प्रकल्प जैन समाज के दो गुप्त लाभार्थी परिवारों के सहयोग से संपन्न हुआ। इस दौरान सेवा, सहयोग, करुणा और सामाजिक सरोकारों के प्रति मंच की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

राजेश सकलेचा और दीपक जैन ने बताया कि जैन नारी शक्ति मंच का राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किया जा रहा है। आगामी समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्य भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे। आयोजन में प्रीति भटेवरा, मोनिका जैन (नवादावाला), उर्मिला कोठारी, अनुज नाहर, जीवनलाल जैन, ओमप्रकाश कुमावत, धर्मेंद्र कुमावत, अंकित कुमावत सहित मंच की पदाधिकारी, सदस्याएं एवं समाजजन उपस्थित रहे। संचालन आभा जैन ने किया। आभार चंचल जैन ने माना।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया