नागदा : पीएम स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण की मांग

 


नागदा, 7 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छोटे एवं फुटकर व्यापारियों के ऋण प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद प्रकाश जैन ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि बैंकों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके।

प्रकाश जैन ने ज्ञापन में कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से छोटे एवं फुटकर व्यापारियों को स्वरोजगार और व्यवसाय संचालन के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए नगर पालिका पात्र हितग्राहियों के आवेदन तैयार कर संबंधित बैंकों को भेज रही है।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में बैंक स्तर पर प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब हो रहा है। कुछ प्रकरणों में विभिन्न प्रकार की आपत्तियां लगाई जा रही हैं, जबकि कई आवेदन निरस्त भी किए जा रहे हैं। इससे योजना के पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता समय पर नहीं मिल पा रही है और उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने एसडीएम से अनुरोध किया कि संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर पालिका द्वारा भेजे गए पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का नियमानुसार एवं शीघ्र निराकरण सुनिश्चित कराया जाए। उनका कहना है कि समय पर ऋण स्वीकृत होने से छोटे व्यापारियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी और योजना का उद्देश्य भी पूरा होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया