सीएस परीक्षा में देशभर में प्रथम विधि सुथार का नागदा में सम्मान, विद्यार्थियों के लिए बनीं प्रेरणा
नागदा, 29 अगस्त (हि.स.)। कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाली राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की विधि सुथार का शनिवार को उज्जैन जिले के नागदा स्थित एगोशदीप विद्यालय में सम्मान किया गया। विधि विश्वकर्मा समाज से हैं और नागदा में उनका ननिहाल है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद वह अपनी नानी सुभद्रादेवी शर्मा तथा मामा एवं लायंस क्लब ग्रेटर के पूर्व अध्यक्ष विनयराज शर्मा से आशीर्वाद लेने नागदा पहुंची थीं।
विद्यालय में मेजर ध्यानचंद जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधि को सम्मानित किया गया। इस दौरान इंदौर की विश्वकर्मा समाज की छात्रा सलोनी शर्मा का भी सम्मान हुआ। सलोनी ने चार्टर्ड अकाउंटेंट की परीक्षा उत्तीर्ण की है और वर्तमान में मुंबई की एक प्रतिष्ठित कंपनी में कार्यरत हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत विधि सुथार और सलोनी शर्मा द्वारा मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों के बीच दोनों प्रतिभाशाली छात्राओं का सम्मान किया गया। उनके संघर्ष और उपलब्धियों की जानकारी पाकर विद्यार्थियों में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
सफलता के लिए लक्ष्य और अनुशासन जरूरी
कार्यक्रम में मालवा अंचल विश्वकर्मा सुतार समाज केंद्रीय समिति के प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सनोलिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता अचानक नहीं मिलती। इसके पीछे स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत, अनुशासन और स्वयं पर विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विधि ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर समाज और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि से प्रेरणा लेकर अपने करियर का लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की खेल उपलब्धियों से भी प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सीएस को बनाया था लक्ष्य
विधि सुथार ने बताया कि उन्होंने गुजरात की पारूल यूनिवर्सिटी से बीबीए की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सीएस परीक्षा में शामिल होकर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने सीएस को अपना लक्ष्य निर्धारित किया था और उसी दिशा में लगातार मेहनत की। विधि के पिता आशुतोष सुथार सिविल इंजीनियर हैं, जबकि उनकी माता प्रियंका एमकॉम और बीएड तक शिक्षित हैं।
समाज और विद्यालय ने किया सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक रामअवतार शर्मा, मालवा अंचल विश्वकर्मा सुतार समाज केंद्रीय समिति के प्रभारी एवं वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सनोलिया, सर्व विश्वकर्मा समाज कल्याण समिति के संरक्षक एवं शिक्षाविद् रामचंद विश्वकर्मा, ठेकेदार आरसी विश्वकर्मा, राजस्थान की समाजसेविका लक्ष्मी शर्मा, इंदौर युवा कल्याण विभाग की ब्लॉक समन्वयक सपना कछवाय, पांचाल समाज के पूर्व अध्यक्ष प्रभुलाल पांचाल, शिक्षाविद् गोवर्धन पांचाल, सविता शर्मा इंदौर सहित अन्य अतिथियों ने दोनों छात्राओं का सम्मान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया