नागदा के भारत कॉमर्स विद्यालय में विद्यार्थियों से मारपीट का आरोप, प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज
नागदा, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के औद्योगिक नगर नागदा स्थित भारत कॉमर्स विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्राचार्य केबी गुप्ता पर विद्यार्थियों को मुर्गा बनाकर जूते समेत लात मारने और कांटेदार लकड़ी से हाथों पर पिटाई करने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्राचार्य बच्चों को मुर्गा बनाकर लात मारते दिखाई दे रहे हैं। घटना 12 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है।
मामले में विद्यार्थी के पिता दिनेश सिसोदिया ने 13 नवंबर को बिड़ला ग्राम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पहले कांटेदार लकड़ी से हाथों पर पीटा गया और फिर मुर्गा बनाकर पीछे से लात मारी गई। पिता के अनुसार, मारपीट के बाद से बच्चा दर्द से परेशान है।
मामले को लेकर विद्यालय समिति के अध्यक्ष एसएन शर्मा से दूरभाष पर चर्चा की गई। इन दिनों गुजरात के वडोदरा में मौजूद शर्मा ने घटना की जानकारी मिलने पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं, शिक्षण समिति के उपाध्यक्ष सुल्तान सिंह शेखावत ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो प्राचार्य को निलंबित किया जाएगा।
घटना की कवरेज करने पहुंचे बालाजी नेटवर्क के मीडियाकर्मी दीपक चौहान ने भी प्राचार्य पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। चौहान ने बताया कि वह इस संबंध में प्रेस क्लब के माध्यम से पुलिस को शिकायत देंगे।
पीड़ित विद्यार्थी के पिता दिनेश सिसोदिया ने बताया कि जब वह प्राचार्य से बात करने पहुंचे तो कथित तौर पर उनसे कहा गया कि यदि विद्यालय में बच्चा नहीं पढ़ पा रहा है तो उसका प्रवेश कहीं और करवा दें। सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि अब वह अपने बच्चे को इस विद्यालय में नहीं पढ़ाएंगे। इसी बीच एक अन्य विद्यार्थी ने भी मीडिया के सामने आरोप लगाया कि प्राचार्य ने उसके घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की थी। इस आरोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत कॉमर्स विद्यालय के प्राचार्य केबी गुप्ता कुछ माह पहले भी विवादों में आए थे। उस समय विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बाल काटे जाने को लेकर हंगामा हुआ था। बताया जाता है कि गुप्ता पूर्व में नवोदय विद्यालय नागदा में सेवारत थे और सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें भारत कॉमर्स विद्यालय में नियुक्त किया गया।
विद्यार्थियों के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने और अभिभावक की पुलिस शिकायत के बाद अब विद्यालय प्रबंधन समिति की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया