नागदाः मुख्यमंत्री 10 जुलाई को करेंगे केंद्रीय विद्यालय भवन का शुभारंभ
नागदा, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 10 जुलाई को दोपहर को उज्जैन जिले के नागदा में प्रवास पर रहेंगे। वे इसी सत्र से शुरू होने वाले केंद्रीय विद्यालय भवन का शुभारंभ करेंगे। साथ जावरा–उज्जैन फोरलेन मार्ग का भूमिपूजन भी करेंग।
इस मौके पर चंबल तट स्थित मुक्तेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित आम सभा को दोपहर 2:30 बजे संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां पूरी कर ली है।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, नगर पालिका प्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं सभा स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, वीआईपी आगमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डॉक्टर तेज बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री का नागदा दौरा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी तथा नागदा सहित आसपास के क्षेत्रों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा। प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया