राजगढ़ः मुख्य पेयजल लाइन में भूमिगत पाइप डालकर पानी की चोरी, 6 अवैध कनेक्शन काटे
राजगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कुशलपुरा डेम से ब्यावरा शहर को पानी पहुंचाने वाली नगरपालिका की मुख्य पेयजल लाइन से आसपास के गांवों में अवैध कनेक्शन लेकर पानी की चोरी की जा रही थी। नगरपालिका ने गुरुवार को पुलिस बल के साथ कार्रवाई करते हुए छह अवैध कनेक्शन काट दिए।
ब्यावरा शहर का मुख्य पेयजल स्रोत कुशलपुरा डेम है। यहां से पाइपलाइन के जरिए शहर तक पानी पहुंचाया जाता है। पिछले कुछ समय से शहर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने और सप्लाई के दौरान प्रेशर कम रहने की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि खजूरिया, मोर्चाखेड़ी और पीपलहेड़ा क्षेत्र में कुछ लोगों ने मुख्य पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन कर रखे हैं। इससे शहर तक पहुंचने वाले पानी की मात्रा प्रभावित हो रही थी।
शिकायतों के बाद सीएमओ इकरार अहमद पुलिस बल और नगरपालिका अमले के साथ कार्रवाई के लिए पहुंचे। टीम ने पीपलहेड़ा, खजूरिया और मोर्चाखेड़ी गांव में मुख्य पाइपलाइन के आसपास जांच की तो अवैध तरीके से बिछाई गई भूमिगत पाइपलाइन मिली। कई कनेक्शन जमीन के अंदर छिपाकर किए गए थे, ताकि वे आसानी से नजर नहीं आएं। वहीं कुछ स्थानों पर पुलिया के नीचे से पाइप निकालकर पानी लिया जा रहा था। टीम ने मौके पर छह कनेक्शन हटाए। सीएमओ इकरार अहमद ने कहा कि संबंधित लोगों को समझाइश दी गई है। इसके बाद भी किसी ने अवैध कनेक्शन किया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक