सागर नगर निगम के वित्तीय संकट पर मुख्यमंत्री से मिले विधायक शैलेंद्र जैन, कर्मचारियों के वेतन के लिए विशेष सहायता की मांग

 


सागर, 8 जुलाई (हि.स.)। सागर नगर निगम की वित्तीय स्थिति और कर्मचारियों की पिछले 16 दिनों से जारी हड़ताल का मामला अब राज्य सरकार के समक्ष पहुंच गया है। सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी के साथ बुधवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर नगर निगम की आर्थिक स्थिति से अवगत कराया और कर्मचारियों के लंबित वेतन के भुगतान के लिए विशेष अनुदान देने का आग्रह किया।

विधायक शैलेंद्र जैन ने मुख्यमंत्री को बताया कि वित्तीय संसाधनों में कमी और विभिन्न मदों में हुई कटौती के कारण नगर निगम आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। इसका असर विकास कार्यों के साथ-साथ कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि नियमित और संविदा कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से वे आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों से गुजर रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए शासन स्तर पर वित्तीय कटौतियों की समीक्षा की जाए। साथ ही, जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक नगर निगम कर्मचारियों के लंबित वेतन के भुगतान के लिए विशेष अनुदान उपलब्ध कराया जाए, ताकि नगर निगम की सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

उल्लेखनीय है कि वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम के कर्मचारी पिछले 16 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक नागरिक सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद संबंधित विभाग को सागर नगर निगम की वित्तीय स्थिति का तत्काल परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इस संबंध में आवश्यक एवं सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के हस्तक्षेप से नगर निगम की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा, कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मार्ग प्रशस्त होगा और लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे