राजगढ़ःमहाविद्यालय में सियाचिन दिवस एवं नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन

 


राजगढ़, 13 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत सोमवार को सियाचिन दिवस तथा नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का संयुक्त एवं गरिमामय आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और महिला सशक्तिकरण के महत्व से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सियाचिन दिवस के महत्व पर प्रकाश डाले जाने के साथ हुई। इस दौरान 13 अप्रैल 1984 को भारतीय सेना द्वारा प्रारंभ किए गए ऐतिहासिक ऑपरेशन मेघदूत को याद किया गया। विद्यार्थियों को सियाचिन ग्लेशियर की अत्यंत कठिन परिस्थितियों में डटे जवानों के साहस, पराक्रम और बलिदान से अवगत कराया गया। इस अवसर पर प्रदर्शित प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

इसके पश्चात नारी शक्ति वंदन सम्मेलन के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑनलाइन संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया। उन्होंने अपने संदेश में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका तथा समाज में उनकी बढ़ती भागीदारी पर जोर दिया। विद्यार्थी एवं स्टाफ ने इस संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और इसे अत्यंत प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वीबी. खरे ने की। उन्होंने कहा कि सियाचिन दिवस हमें वीर सैनिकों के अतुलनीय समर्पण की याद दिलाता है, वहीं नारी शक्ति वंदन सम्मेलन समाज में महिलाओं की सशक्त भूमिका का प्रतीक है। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक