मप्रः दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर चंदेरी में जश्न

 




अशोकनगर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद अशोकनगर जिले के चंदेरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। इस दौरान पटाखे फोड़े गए तथा लड्डू और मिठाइयाँ बांटकर जीत की खुशी मनाई गई। पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक भार्गव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक भार्गव ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम प्रदेश और देश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण संदेश लेकर आया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम भाजपा की विदाई का संकेत है और इसका आगाज़ मां पीताम्बरा की नगरी दतिया से हुआ है। उनका कहना था कि जनता का विश्वास कांग्रेस के प्रति बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका प्रभाव पूरे देश में दिखाई देगा।

उन्होंने बिहार के बांकीपुर उपचुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। साथ ही उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी समय में कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त होगा। चंदेरी में आयोजित विजय उत्सव में कांग्रेस महामंत्री बृजकिशोर याज्ञनिक, ओवैश पठान, सोहेल मिर्जा, रितेश कपस्या अनिल कोली धीरज लोधी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Nirmal Kumar Vishwkarma