उज्जैन में शिवोत्सव श्रावण कला उत्सव में 23 अगस्त को गूंजेगा शिव भक्ति का संगीत

 


उज्जैन, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्रावण-भादौ मास के पावन अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संस्कृति विभाग के समन्वय से ‘शिवोत्सव श्रावण कला उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव के अंतर्गत 23 अगस्त को शाम 7 बजे से शक्तिपथ, त्रिवेणी संग्रहालय के सामने, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।

समिति द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि कार्यक्रम में प्रसिद्ध शिव भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी लोकप्रिय शिव भक्ति रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। वहीं किशन भगत भी अपनी संगीतमय प्रस्तुति से श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को शिव भक्ति से सराबोर करेंगे। कलाकारों की प्रस्तुतियों से शक्तिपथ पर शिवमय वातावरण निर्मित होगा।

श्रावण-भादौ मास में भगवान श्री महाकालेश्वर की आराधना के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ‘शिवोत्सव श्रावण कला उत्सव’ का आनंद लेने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल