भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्या के विरोध में चक्काजाम, आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग पर सड़क पर उतरे परिजन
भोपाल, 07 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय कलरी देवी की हत्या के विरोध में शनिवार को परिजनों और परिचितों ने जमकर आक्रोश जताया। आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने कोहेफिजा से कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाली सड़क पर चक्काजाम कर दिया। करीब 200 मीटर तक सड़क पर प्रदर्शन के कारण लगभग 45 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।
परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने कलरी देवी की हत्या करने के बाद उनके मुंह से सोने के दांत तक उखाड़ लिए। वारदात की जानकारी सामने आने के बाद से ही परिवार और क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं दो हत्याएं
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि इलाके में इससे पहले भी हत्या की दो वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। बुजुर्ग महिला की हत्या ने क्षेत्र के लोगों की चिंता और नाराजगी बढ़ा दी है। परिजनों ने पुलिस से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की मांग की।
दम घुटने से हुई थी बुजुर्ग महिला की मौत
पुलिस को कलरी देवी की शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मौत दम घुटने से हुई। आशंका है कि रस्सीनुमा किसी वस्तु से गला घोंटकर उनकी हत्या की गई। परिजनों ने इलाके में रहने वाले एक युवक पर संदेह जताया है। वारदात के बाद से युवक इलाके में नहीं देखा गया है। पुलिस ने जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन परिजनों को दिया है।
मल्टी में अकेली रहती थीं कलरी देवी
75 वर्षीय कलरी देवी, पति स्वर्गीय हरिचरण, वाजपेयी नगर मल्टी के ब्लॉक बी-2 में अकेली रहती थीं। उनकी चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका एक बेटा मूकबधिर है और श्यामला हिल्स स्थित एक सरकारी कार्यालय में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह उनकी हत्या का मामला सामने आया था। शुरुआती जांच में लूट के इरादे से वारदात किए जाने की आशंका जताई गई थी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली स्थिति
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी अनिल बाजपेयी, कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर और शाहजहांनाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान सहित दो थानों का पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे