भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई जारी, ठेले-गुमठी और पान पार्लर हटाए

 


भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, टेबल-कुर्सी सहित अन्य अस्थाई अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ निगम की नियमित कार्रवाई के तहत की गई।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दलों ने बावड़िया कलां चौराहा, आकृति नहर, होशंगाबाद रोड, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, नेहरू नगर, भदभदा चौराहा, न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग, अपेक्स बैंक, रोशनपुरा चौराहा, रेतघाट, रविंद्र भवन, जहांगीराबाद, शब्बन चौराहा, बोगदापुल, बरखेड़ी, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-6, भोपाल टॉकीज और डीआईजी बंगला सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।

अवैध चाय-नाश्ते का टपरा तोड़ा

आकृति नहर-बावड़िया कलां क्षेत्र में निगम अमले ने सड़क किनारे अवैध रूप से बनाए गए एक अस्थाई चाय-नाश्ते के टपरे को तोड़ दिया। वहीं बरखेड़ी और बोगदापुल क्षेत्र में नालियों के ऊपर अवैध रूप से रखी गई फर्शियों को हटाया गया।

इसके अलावा दुकानों के बाहर सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान भी हटवाया गया। निगम अमले ने सार्वजनिक स्थानों पर लगी सब्जी, फल, कपड़े और खिलौनों की दुकानों के साथ ही बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, पान पार्लर और काउंटर हटाए।

सड़क और फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर

कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर रखे बोर्ड, स्टूल, टेबल, कुर्सी और अन्य सामान को भी हटवाया गया। निगम अधिकारियों के अनुसार सड़क, फुटपाथ और नालियों पर अतिक्रमण होने से आम लोगों के आवागमन और यातायात में परेशानी होती है। इसी को देखते हुए शिकायतों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कब्जा करने और यातायात व नागरिक सुविधाओं में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा