सागर नगर निगम ने रचा इतिहास: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश में हासिल किया 3रा स्थान
सागर, 11 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छता के क्षेत्र में मध्य प्रदेश के सागर ने राष्ट्रीय मंच पर अपना परचम लहराते हुए आज ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में सागर को 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से सागर नगर निगम आयुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने यह प्रतिष्ठित सम्मान ग्रहण किया।
सागर शहर ने स्वच्छता रैंकिंग में अभूतपूर्व सुधार दर्ज किया है। कुछ वर्षों पूर्व 70वें स्थान पर रहने वाला सागर, पिछले सर्वेक्षण में 10वें पायदान पर था। इस वर्ष शहर ने अपनी कार्यशैली और ठोस रणनीति के बल पर सीधे 3रे स्थान पर जगह बनाई।
इस सफलता के मुख्य स्तंभ रहे।
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण: हर घर से समयबद्ध और पृथकीकृत कचरा उठाव।
कचरा निष्पादन: अपशिष्ट प्रबंधन और रीसाइक्लिंग की आधुनिक व्यवस्था।
जनभागीदारी एवं बुंदेली संस्कृति: बुंदेली लोक कला और सांस्कृतिक माध्यमों से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना।
सौंदर्यीकरण एवं नवाचार: सार्वजनिक स्थानों का कायाकल्प और स्मार्ट सिटी पहलों का एकीकरण।
नई दिल्ली से राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण सागर नगर निगम के नए कार्यालय में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर किया गया। जैसे ही मंच से सागर के तीसरे स्थान की घोषणा हुई, पूरा परिसर तालियों और जयकारों से गूँज उठा।
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर आतिशबाजी की गई और ढोल-नगाड़ों की थाप पर विजय का जश्न मनाया गया।
विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन: यह राष्ट्रीय सम्मान सागर के प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता मित्रों और निगम कर्मचारियों के अथक सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
महापौर संगीता सुशील तिवारी: उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को शहर के 'सफाई मित्रों' और जागरूक नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से सागर भविष्य में देश में पहला स्थान प्राप्त करेगा।
निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार: उन्होंने बताया कि निरंतर मॉनिटरिंग, कचरा प्रबंधन की बेहतर योजना और जनता की सक्रिय भागीदारी से यह गौरव हासिल हुआ है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में निगमायुक्त राजकुमार खत्री से मुलाकात कर उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। निगमायुक्त ने मुख्यमंत्री को सागर की स्वच्छता यात्रा और अपनाए गए नवाचारों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने नगर निगम टीम, सफाई मित्रों और सागर की जनता के समर्पित प्रयासों की खुले मन से सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे