राजगढ़ः मुख्यमंत्री मंगलवार को सारंगपुर को देंगे 352 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
राजगढ़, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर विकासखंड के भैसवामाता मंदिर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचेंगे, जहां वे जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के राज्य स्तरीय समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले को 352 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देते हुए कई परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल तथा सांसद रोडमल नागर भी मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सबसे पहले भैंसवामाता मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद दूध तलैया परिसर में गंगा पूजन, गौ-पूजन और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। समारोह के दौरान जिले की पर्यटन फिल्म, कॉफी टेबल बुक और सोशल मीडिया हैंडल का अनावरण किया जाएगा। इसके अलावा जिले में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन होगा।
मंच से पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल और सांसद रोडमल नागर भी अपने विचार रखेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज का वितरण भी करेंगे। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समूहों को सम्मानित किया जाएगा। प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक