राजगढ़: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी सौगात, भैंसवामाता लोक के विकास के लिए 20 करोड़ मंजूर

 


राजगढ़, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें धार्मिक पर्यटन, सड़क, पुल, आवास और नगरीय विकास से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सारंगपुर नगर में रेडेंसिफिकेशन योजना के तहत जर्जर शासकीय भवनों और सरकारी आवासों के पुनर्निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही शासन द्वारा संधारित अंबे माता मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य भी कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

नगरीय विकास को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने नवस्वीकृत फोरलेन मार्ग के समीप हाउसिंग बोर्ड द्वारा आधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित करने की बात कही। इससे क्षेत्र में सुनियोजित आवास व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए पचोर और सारंगपुर क्षेत्र में कई निर्माण कार्यों की घोषणा की गई। सारंगपुर-संडावता मार्ग पर उतावली नदी में नया पुल बनाया जाएगा। वहीं करौंदी से हीरापुरा तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने भैंसवामाता लोक के विकास, निर्माण और सौंदर्यीकरण के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद जिले में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क सुविधाएं मजबूत होंगी, नगरीय विकास को गति मिलेगी और भैंसवामाता क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के रूप में नई पहचान मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक