राजगढ़ः मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शुरू, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से होगा हर आवेदन का निराकरण- राज्यमंत्री टेटवाल
राजगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान 7 अगस्त से 8 जनवरी 2027 तक चलेगा, जिसके तहत प्रत्येक शुक्रवार को जनविश्वास शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता का विश्वास मजबूत करने और उनकी समस्याओं का पारदर्शी, संवेदनशील एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास है।
राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और रोजगार को सरकार का प्रमुख फोकस बताते हुए कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर रोजगार देने वाला बनाया जा रहा है। उन्होंने जल निगम के कार्यों पर असंतोष जताते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी और गुणवत्ता लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि अभियान के तहत प्राप्त प्रत्येक आवेदन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी और विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना होगा।
उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों, जन संवाद, उद्यम संवाद, आवंटन संबंधी मामलों और न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों में स्मार्ट क्लास की कमी दूर करने तथा प्रसूति योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने पर भी जोर दिया। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने अधिकारियों से सकारात्मक सोच के साथ समस्याओं का समाधान निकालने का आग्रह किया। कार्यक्रम में जन संवाद और उद्यम संवाद भी आयोजित हुए, जिसमें पचोर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने अपनी समस्याएं रखीं। संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए गए। विभिन्न विभागों ने अपने-अपने प्रकरणों और उनके निराकरण की जानकारी प्रस्तुत की। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले जनविश्वास शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान का लाभ उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक