अनूपपुर: सादगी के साथ मनाया गया मातमी पर्व मोहर्रम, मांगी अमन और शांति की दुआएं

 






अनूपपुर, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनुपुर जिले में शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय का मातमी पर्व मोहर्रम जिलेभर बारिश की फुहारों के बीच सादगी के साथ मनाया गया। जहां धर्म के मानने वाले लोगों ने आशुरा की नमाज अदा करते हुए अमन और शांति की दुआएं मांगी। जिलेभर में लोगों ने सैकड़ों की संख्या में मौजूदगी दर्ज कराते हुए ताजिए का जुलूस निकाला और कर्बला में ठंडा किया।

जिले के 6 स्थानों में 21 ताजिए का जुलूस निकाला गया। अनूपपुर जिला मुख्यालय में 4 ताजिया बनाई गई। इसके अलावा भालूमाड़ा में 5, कोतमा में 6, बिजुरी में 4, रामनगर में 2 सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी ताजिया का जुलूस निकाला गया जहां या अली या हुसैन के नारे लगाते हुए बाबाओं की सवारी भी निकली गई। इस दौरान सभी धर्म के लोग जुलूस में शामिल हुए। जुलूस में शामिल युवाओं ने विभिन्न प्रकार के हैरत अंगेज कलाओं का प्रदर्शन किया। सुरक्षा के लिए 25 फिक्स प्वाईंट और 5 पेट्रोलिंग वाहन के साथ 250 अमला तैनात किया गया हैं।

अनूपपुर में पुरानी सब्जी मंडी के पास से शुरू हुआ ताजिया का जुलूस स्टेशन चौक होते हुए बस स्टैंड पहुंचा, जहां बस स्टैंड ताजिया कमेटी की ओर से अलाव के कार्यक्रम का एहतराम किया गया। पारंपरिक हथियारों से लैस अकीदतमंदों ने विभिन्न प्रकार के खेलों का प्रदर्शन विभिन्न मार्गों पर किया। जिसमें लाठी, डंडा और तलवार के खेलों का प्रदर्शन शामिल रहा। मान्यता के अनुसार आशुरा के दिन इमाम हुसैन का कर्बला की लड़ाई में सिर कलम कर दिया था और उनकी याद में इस दिन जुलूस और ताजिया निकालने की रिवायत है। आशुरा के दिन रोजा-नमाज के साथ इस दिन ताजियों अखाडों को दफन या ठंडा कर मातम मनाते हैं।

कोतमा में निकाला ताजिया

शुक्रवार कोतमा में मोहर्रम पर्व पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ताजिया जुलूस निकालते हुए नगर के मुख्य मार्गों पर भ्रमण करने के बाद कर्बला ले जाया गया। बीते 10 दिनों से नगर के अलग-अलग स्थान में मुस्लिम समाज ताजिया तैयार करने में जुटा हुआ था। शाम को तकरीर एवं लंगर का भी आयोजन किया जाता रहा। पुराने स्टेट बैंक के सामने बाजार मस्जिद कमेटी एवं बनिया टोला मस्जिद कमेटी की ताजिया एकत्र होकर शाम को नगर के मुख्य मार्गों पर निकाली गई। जिसमें आजाद चौक, गांधी चौक, स्टेशन चौक सहित अन्य मार्गो से होते हुए ताजिया कर्बला लहसूई पहुंची। वहीं दूसरी ओर इमाम चौक में कमेटी की ताजिया को पूरे दिन इबादत के बाद सवारी थाना से होते हुए कर्बला ले जाई गई।

वहीं गुरूवार की रात इस्लाम गंज स्थित इमाम चौक में मुस्लिम समाज के हुसैनी वारसी कमेटी द्वारा 10 रोजा लंगरे आम कार्यक्रम में मोहर्रम की 09 वीं बड़े ही जोशो खरोश के साथ मनाई गई ताजिया की जियारत के साथ साथ हर खासो आम के लिए लंगर व सबील का बेहतरीन इंतजाम किया गया जिसमें हजारों की तादाद में जायरीनों ने शिरकत कर लंगर में शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के मंत्री दिलीप जायसवाल, मंडल अध्यक्ष कोतमा पुष्पेंद्र जैन, नगर पालिका अध्यक्ष कोतमा अजय सराफ, प्रभात मिश्रा, संदीप शिवहरे, मनोज सराफ, जिलाध्यक्ष कांग्रेस अनूपपुर श्याम कुमार गुड्डू चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष पसान राम अवध सिंह, उमेश मिश्रा, प्रेम चंद यादव, लाल बहादुर जायसवाल, सुखविंदर सिंह, धीरेंद्र सिंह मंडल अध्यक्ष पसान सहित आयोजन के प्रमुख रोशन वारसी जिलाध्यक्ष भाजपा अल्प संख्यक मोर्चा, मो. जमील, आबिद हुसैन, सरताज मियां, शब्बीर खान, नावेद वारसी इत्यादि भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

भालूमाड़ा में अमन और शांति की मांगी दुआएं

भालूमाड़ा में भी मातमी पर्व मोहर्रम का त्योहार अकीदत और अदब के साथ मनाते हुए अमन और शांति की दुआएं मांगी गई। माहे मोहर्रम की दसवीं तारीख जिसे मुस्लिम समाज योमे आशूरा के रूप में मनाता है, के दिन ही कर्बला के मैदान में पैगंबर मोहम्मद साहब के नवासे हजरत हुसैन और उनके 72 जांनिसार साथियों ने शहादत पेश कर दीन इस्लाम को बुलंदी बख्शी थी। शरीयत का तहफ्फ़ुज किया था। इससे पूर्व शनिवार की शाम मस्जिदों में ताजिया रखी गई। जहां लोगों ने इबादत की फातिया किया गया। वहीं लोगों ने लंगर बांटे। इस दौरान देर रात तक लोगों का आने का सिलसिला जारी रहा और हर कोई शांति भाईचारा की दुआएं मांगे।

कोतमा में गुरूवार की रात इस्लाम गंज स्थित इमाम चौक में मुस्लिम समाज के हुसैनी वारसी कमेटी द्वारा 10 रोजा लंगरे आम कार्यक्रम में मोहर्रम की 09 वीं बड़े ही जोशो खरोश के साथ मनाई गई ताजिया की जियारत के साथ साथ हर खासो आम के लिए लंगर व सबील का बेहतरीन इंतजाम किया गया जिसमें हजारों की तादाद में जायरीनों ने शिरकत कर लंगर में शामिल हुए।

25 फिक्स प्वाईंट और 5 पेट्रोलिंग वाहन के साथ 150 अमला तैनात

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि जिलेभर में 21 स्थाीनों में ताजिए का जुलूस निकाले जा रहें हैं। जिसकी सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए 25 फिक्स प्वाईंट तैयार किए गए थे। इसके अलावा 5 पेट्रोलिंग वाहन के साथ 150 जवानों को भी तैनात किया गया था। साथ ही पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला मुख्यालय सहित क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा निर्देश देते रहे। वहीं सभी थाना क्षेत्रों के स्थानीय बलों के साथ कोतमा में एसडीओपी के साथ एक अतिरिक्त डीएसपी के तैनाती की गई हैं। अनूपपुर, राजेन्द्रग्राम में एसडीओपी को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला