मप्र के डायल 112 हीरोज: कार खराब होने से रास्ते में फँसी प्रसूता को देर रात पहुँचाया अस्पताल

 


भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के थाना किशनगंज क्षेत्र में कार खराब होने के कारण रास्ते में फँसी प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला को डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाते हुए समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया। देर रात की इस आपात स्थिति में डायल-112 टीम की संवेदनशील और त्वरित कार्यवाही से महिला को शीघ्र उपचार मिल सका।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि बुधवार देर रात थाना किशनगंज क्षेत्र अंतर्गत महू रोड स्थित उमरिया टोल प्लाजा के पास रात्रि गश्त कर रही डायल-112 एफआरव्ही टीम को एक प्रसूता महिला असहनीय प्रसव पीड़ा में मिली। महिला के परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी कार खराब हो जाने के कारण वे आगे नहीं जा पा रहे थे। इस संबंध में सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को भी दी गई।

मौके पर मौजूद आरक्षक गजराज कटारे एवं पायलट वीरेंद्र कटारे ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। डायल-112 जवानों ने प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला को परिजनों के साथ एफआरव्ही वाहन में बैठाकर शीघ्रता से चोइथराम अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसे प्रसूता वार्ड में भर्ती कर उपचार प्रारंभ कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर