राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत होंगे फिल्म अभिनेता रघुवीर यादव

 




- 13 अक्टूबर को संगीत संध्‍या में गूंजेगी सुदेश भोसले की आवाज

खण्डवा, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन खण्‍डवा के सहयोग से हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की पुण्‍य स्‍मृति में उनकी जन्‍मस्‍थली खण्‍डवा स्थित पुलिस ग्राउण्‍ड में 12-13 अक्टूबर को दो दिवसीय ‘राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान अलंकरण समारोह एवं गीत - संगीत संध्‍या’ का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में सुविख्‍यात अभिनेता रघुवीर यादव राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान से अलंकृत किया जाएगा।

संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार की स्‍मृति में मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रतिवर्ष यह राष्‍ट्रीय सम्‍मान प्रदान किया जाता है। राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान वर्ष 2026 सुविख्‍यात अभिनेता रघुवीर यादव को अभियन के लिए प्रदान किया जाएगा।

नामदेव ने कार्यक्रम की विस्‍तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्रतिवर्ष किशोर कुमार की जन्‍मस्‍थली खण्‍डवा में यह भव्‍य आयोजन किया जाता है। इस वर्ष दो दिवसीय आयोजन में पहले दिन 12 अक्‍टूबर, 2026 को सायं 7 बजे से ‘ये शाम मस्‍तानी’ गीत – संगीत संध्‍या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्‍थानीय युवा गायक कलाकारों की प्रस्‍तुति होगी। इन कलाकारों में सुनील शर्मा, संध्‍या ग्रेवाल, अंकुश पटेल, रजत लाड़, रोशनी पहलवान एवं पूजा पुरा शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जैन करेंगे।

उन्होंने बताया कि दूसरे दिवस 13 अक्‍टूबर, 2026 को किशोर कुमार की पुण्‍य स्‍मृति के अवसर पर राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान अलंकरण समारोह एवं गीत-संगीत संध्‍या का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान वर्ष – 2026 से सुविख्‍यात अभिनेता रघुवीर यादव को अलंकृत किया जाएगा। अलंकरण समारोह के बाद सुविख्‍यात गायक सुदेश भोंसले एवं साथी, मुम्‍बई की गीत – संगीत प्रस्‍तुति होगी। कार्यक्रम सायं 7 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें प्रवेश नि:शुल्‍क रहेगा।

1997 से प्रदान किया जा रहा राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान

मध्‍य प्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग का सु‍प्रतिष्ठित राष्‍ट्रीय किशोर कुमार सम्‍मान वर्ष 1997 से प्रदान किया जा रहा है। यह सम्‍मान अब तक 29 विभूतियों को प्रदान किया जा चुका है। विभाग द्वारा यह सम्‍मान सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा तथा गीत लेखन के लिए स्‍थापित किया गया है। यह सम्‍मान उत्‍कृष्‍टता, दीर्घ साधना, श्रेष्‍ठ उप‍लब्धि के मापदंडों के आधार पर देय है। इसमें सम्‍मान स्‍वरूप रुपये 5 लाख (कर मुक्‍त) राशि एवं प्रशस्ति पट्टिका प्रदान की जाती है।

रघुवीर यादव

रघुवीर यादव, भारतीय रंगमंच और सिनेमा के बहुमुखी एवं सशक्त अभिनेता, गायक और संगीतकार हैं। उनका जन्म 25 जून, 1957 को जबलपुर, मध्यप्रदेश में हुआ। रंगमंच से अपनी अभिनय यात्रा को प्रारंभ करने के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी), नई दिल्ली से प्रशिक्षण प्राप्त किया और लंबे समय तक रंगकर्म से जुड़े रहे। उन्होंने ‘मैसी साहब’ (1985) से फिल्मों में उल्लेखनीय शुरुआत की। इस फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें FIPRESCI Critics Award, वेनिस फिल्म फेस्टिवल (1986) और IFFI का सिल्वर पीकॉक सर्वश्रेष्ठ अभिनेता पुरस्कार (1987) मिला। ‘सलाम बॉम्बे!’, ‘बैंडिट क्वीन’, ‘दिल से’, ‘लगान’, ‘वॉटर’, ‘पीपली लाइव’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपने सहज, स्वाभाविक और चरित्र केंद्रित अभिनय से अलग पहचान बनाई। हाल के वर्षों में ‘पंचायत’ में उनके ‘प्रधान जी’ के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच भी व्यापक लोकप्रियता दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर