मप्र के नीमच में एथेनॉल फैक्ट्री में युवक की मौत, ग्रामीणों ने हाईवे पर किया चक्काजाम

 


नीमच/मंदसौर, 13 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में जीरन क्षेत्र के ग्राम चल्दु स्थित कृपा बायोटेक एथेनॉल फैक्ट्री में रविवार दोपहर करंट लगने से 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीणों ने नीमच-मंदसौर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। दोनों तरफ करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। हालांकि, समझाइश के करीब 4 घंटे बाद चक्काजाम खत्म हुआ।

मृतक की पहचान ग्राम चंगेरी निवासी मनीष (32), पुत्र गणपत लाल भाटी के रूप में हुई है। वह फैक्ट्री में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। मृतक की बहन रामकन्या बाई ने बताया कि मनीष रविवार सुबह करीब 9 बजे फैक्ट्री गया था। काम के दौरान उसे करंट लगा और वह बेहोश होकर गिर गया। साथी कर्मचारी उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बहन ने बताया कि मनीष फैक्ट्री में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। फैक्ट्री की ओर से परिवार को करंट लगने की जानकारी दी गई थी। एंबुलेंस के जरिए उसे अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में फैक्ट्री का कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं पहुंचा।

मनीष की मौत की खबर के बाद परिजन और ग्रामीण हाईवे पर पहुंच गए। चक्काजाम कर दिया। इससे नीमच-मंदसौर हाईवे पर दोनों तरफ करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।

मंदसौर-मल्हारगढ़ क्षेत्र के किसान नेता श्यामलाल जोकचंद ने आरोप लगाया कि मनीष की मौत के बाद करीब तीन घंटे तक फैक्ट्री में काम चलता रहा। इस दौरान फैक्ट्री का कोई कर्मचारी, अधिकारी या मालिक परिवार के प्रति संवेदना जताने नहीं पहुंचा। जोकचंद ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही है। पंचायत का टैक्स भी बकाया है। करीब 5-6 दिन पहले फैक्ट्री के अवशेष वाला पानी पीने से 4-5 भैंस और 3-4 गायों की मौत हुई थी। बिहार के एक आदिवासी युवक के दोनों हाथ फैक्ट्री में कट गए थे।

किसान नेता ने फैक्ट्री मालिक की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि मनीष को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। इसके लिए एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की गई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। अब हादसे की परिस्थितियों और फैक्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। मल्हारगढ़ पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, परिजन के बयान और जांच के बाद एफआईआर दर्ज की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर