मप्रः लोक भवन में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस, राज्यपाल के उप सचिव सहित अधिकारियों ने किया पौधरोपण
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राज्यपाल मंगुभाई पटेल के निर्देशानुसार शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लोकभवन में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोकभवन के अधिकारियों ने विभिन्न किस्मों के 22 पौधे लगाए। लोक भवन परिसर में लगाए गए पौधों में सजावटी, सुगंधित, फलदार और छायादार पौधे शामिल है।
राज्यपाल के उप सचिव सुनील दुबे ने 'बॉटल पॉम' का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्यपाल के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अरविंद पुरोहित, अवर सचिव आभा शुक्ला, सहायक सत्कार अधिकारी सृष्टि श्रीवास्तव सहित लोकभवन के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने लोक भवन के उद्यान में पौधे लगाए।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मुख्य सचिव जैन ने लगाया नीम का पेड़
वहीं, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने शुक्रवार को मंत्रालय वल्लभ भवन परिसर में नीम का पेड़ लगाया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए पर्यावरण की रक्षा और अधिक संख्या में पौधे लगाने की अपील की। अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने भी आंवले का पौधा लगाया। इस अवसर पर मंत्रालय के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पौधरोपण किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर