मप्रः छतरपुर में दो बच्चों के साथ कुएं में कूदी महिला, तीनों की मौत
छतरपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर में आने वाले बम्होरी गांव में महिला ने सोमवार दोपहर अपने दो बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना में महिला और दोनों बच्चों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रकाश बम्होरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कर महिला और दोनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद एक संभावित कारण है। पुलिस ने शवों को कुएं से निकलवाकर अस्पताल में रखवाया है, मंगलवार सुबह तीनों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय भगवती कुशवाहा, उसके दो वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र कुशवाहा और तीन वर्षीय बेटी संध्या कुशवाहा के रूप में हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है। घटना के कारणों और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर