मप्र माैसम: दो दिन में भोपाल-उज्जैन पहुंचेगा मानसून, 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
भोपाल, 26 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 24 जून को 15 जिलों में आधिकारिक रूप से दस्तक देने के बाद अब अगले दो दिनों में इसके भोपाल और उज्जैन संभाग तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में मानसून सबसे आखिर में पहुंचेगा। फिलहाल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून और मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 45 जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। आगर-मालवा और सीहोर में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर सहित कई जिलों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके विपरीत ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने के आसार हैं।
शाजापुर में दो इंच बारिश, बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत
इससे पहले गुरुवार को शाजापुर में 51 मिमी (दो इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई, जबकि श्योपुर और बालाघाट में करीब आधा इंच पानी बरसा। इंदौर, खंडवा, खरगोन, छिंदवाड़ा, शिवपुरी समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का दौर जारी रहा। शाजापुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं इंदौर में बारिश के चलते जोखिम वाले पर्यटन स्थलों पर 22 अगस्त तक प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।
इंदौर में एक घंटे झमाझम बारिश
इंदौर में गुरुवार शाम पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला चलता रहा। अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहेगा।
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। खरगोन में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भोपाल में 32.8, इंदौर में 33.9 और उज्जैन में 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि ग्वालियर में अभी भी अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अब तक इन 15 जिलों में पहुंचा मानसून
प्रदेश में अब तक आलीराजपुर, इंदौर, धार, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है।
बारिश के आंकड़ों में सुधार
एक जून से अब तक प्रदेश में औसतन 91.7 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि 52.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। यह सामान्य से 43 प्रतिशत कम है। हालांकि पिछले दो दिनों में हुई अच्छी बारिश के बाद वर्षा की कमी में सुधार दर्ज किया गया है और मानसून के आगे बढ़ने के साथ आगामी दिनों में बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने के कारण प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। अगले चार दिनों तक अधिकांश जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे