मप्रः तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में अतिप्राचीन वृद्धकालेश्वर महादेव ने 40 वर्ष बाद दिए भक्तों को दर्शन

 




- विधिवत पूजन अर्चन के साथ दर्शन हुए प्रारंभ

खण्डवा, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में अतिप्राचीन श्री ममलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थित श्री वृद्धकालेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार को विधिवत अभिजीत मुहूर्त में पूजन अर्चन के साथ भक्तों के लिए दर्शन शुरू कराए गए।

विद्वान पं.सुधीर अत्रे के आचार्यत्व में यह पूजन सम्पन्न हुआ, जिसमें संत मंडल के अध्यक्ष महंत मंगलदास त्यागी महाराज के साथ ममलेश्वर मंदिर का पुजारी परिवार भी मौजूद रहा। जिला प्रशासन द्वारा सदियों पुराने श्री वृद्धकालेश्वर महादेव मंदिर के पट खुलवाकर पूजा अर्चना शुरू किए जाने से श्रद्धालुगण बहुत खुश हैं।

उल्लेखनीय है कि यह मंदिर पिछले 40 वर्षों से बंद था। श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने पुरातत्व विभाग चर्चा कर मंदिर के पट को खुलवाने की व्यवस्था कराई।

तहसीलदार उदय मंडलोई ने बताया कि भक्त अब प्रतिदिन भोलेनाथ के दर्शन कर सकेंगे। दर्शन व्यवस्था द्वार के बाहर से रहेगी । गर्भगृह में भोग आरती के लिए सिर्फ पुजारी ही प्रवेश कर सकेंगे। यह व्यवस्था गर्भगृह के छोटे आकार को ध्यान में रखते हुए हुए की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर