मप्रः पंचायतों के उप निर्वाचन में 56.62 और नगर परिषद सुसनेर में हुआ 75.96 प्रतिशत मतदान

 


भोपाल, 29 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 पूर्वाध के घोषित कार्यक्रम अनुसार मंगलवार को मतदान सम्पन्न हुआ। जिला आगर-मालवा की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए 75.96 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पंचायत उप निर्वाचन के लिये 56.62 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जानकारी दी गई कि प्रदेश में पंचायत के पंच, सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के कुल 4,235 पदों पर उपचुनाव होना था। इनमें 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि कई पदों पर नामांकन दाखिल नहीं हुए। कुछ पद न्यायालय की रोक के कारण चुनाव प्रक्रिया से बाहर हैं। मंगलवार को 4 पंच, 79 सरपंच, सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष और 5 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के लिए मतगणना 3 अक्टूबर को होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकास खण्ड मुख्यालय पर ई.व्ही.एम. से की जाने वाली मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जायेगी। जिला पंचायत सदस्यों एवं पंच पद के लिए परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर 2026 को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर