विदिशाः ककरूआ, इमलिया और किरमची बंधेरा के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात, गांव के निकट ही मिलेगी हाई स्कूल शिक्षा

 


- किरमची बंधेरा माध्यमिक शाला हाई स्कूल में उन्नत, विधायक मुकेश टंडन ने किया शुभारंभ

विदिशा, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के ग्रामीण अंचल में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। ग्राम ककरूआ, इमलिया एवं किरमची बंधेरा के विद्यार्थियों को अब माध्यमिक शिक्षा के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूरस्थ विद्यालयों तक नहीं जाना पड़ेगा।

विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान करते हुए शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय माध्यमिक शाला, किरमची बंधेरा (डाईस कोड 23310705502) का हाई स्कूल में उन्नयन किया गया है। शिक्षा सत्र 2026-27 से यहां कक्षा 9वीं एवं 10वीं का संचालन होगा।

विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने बुधवार को उन्नत हाई स्कूल का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। शाला परिसर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, ग्रामीणजन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक टंडन ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के कारण विद्यार्थियों को हाई स्कूल की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता था, जिससे अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब शाला के हाई स्कूल में उन्नयन से बच्चों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा और ड्रॉपआउट की समस्या में भी कमी आएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों से भी अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करें।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की मांग पर विधायक टंडन ने विधायक स्वेच्छानुदान निधि से विद्यालय के लिए कंप्यूटर खरीदने हेतु एक लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। वहीं ग्रामीणों की मांग पर श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए आवश्यकता अनुसार 2 से 2.5 लाख तक की राशि उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंधेरा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विदिशा एसडीएम क्षितिज शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार, जनपद पंचायत सीईओ गगन बाजपेई सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विद्यालय के हाई स्कूल में उन्नयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया।

गौरतलब है कि ग्राम कुकुरुआ के बच्चे उच्च शिक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर पांच किलोमीटर दूर स्कूल जाते थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से बाद एक दिन पहले ही यह खबर मीडिया की सुर्खी बनी थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर