विदिशाः घरेलू गैस सिलेंडरों से हो रही वाहनों में एलपीजी रिफिलिंग, 13 सिलेंडर और दो इलेक्ट्रिक मोटर जब्त
विदिशा, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में बुधवार को जिला आपूर्ति अधिकारी संदीप भार्गव के समक्ष कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सत्यपाल सिंह जादौन द्वारा हलाली कॉलोनी स्थित सम्राट अशोक सागर परियोजना कार्यालय के पीछे संचालित एक गैराज की जांच की गई।
जांच के दौरान गैराज में मैकेनिक नफीस खान उपस्थित मिले। उनकी उपस्थिति में मौके पर जांच की गई, जिसमें घरेलू उपयोग के 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले कुल 13 गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें 7 सिलेंडर सील पैक तथा 6 खाली सिलेंडर शामिल थे। इसके अतिरिक्त गैस रिफिलिंग में उपयोग की जाने वाली 2 इलेक्ट्रिक मोटर भी मौके पर रखी मिलीं।
घरेलू सिलेंडरों से वाहनों में भर रहे थे गैस
जांच के दौरान पूछताछ में मैकेनिक नफीस खान द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में एलपीजी गैस रिफिल करने का कार्य व्यावसायिक रूप से किया जाता है। इस प्रकार घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित गैस सिलेंडरों का उपयोग वाहनों में गैस भरने के लिए किया जा रहा था। खाद्य विभाग की टीम द्वारा मौके से सभी 13 गैस सिलेंडर एवं 2 इलेक्ट्रिक मोटर जब्त कर विदिशा गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिए गए।
एलपीजी प्रदाय एवं वितरण विनियमन आदेश के तहत प्रकरण दर्ज
घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में एलपीजी गैस भरने का उक्त कृत्य द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है।
गौरतलब हो कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित घरेलू प्रयोजन के अतिरिक्त अन्य कार्यों में करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग, भंडारण एवं रिफिलिंग पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर