विदिशाः शरद पूर्णिमा पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया विशेष अभियान, मावा-मिठाइयों के नमूने लिए
विदिशा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में रविवार को शरद पूर्णिमा पर्व के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तायुक्त एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में विशेष निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई दुकानों एवं मावा विक्रेताओं का निरीक्षण कर मावा, मावा से निर्मित मिठाइयों तथा अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुदसिया खान द्वारा स्वर्णकार कॉलोनी, विदिशा स्थित वैष्णव डेयरी एंड ड्राई फ्रूट्स का निरीक्षण कर मावा एवं पनीर के नमूने लिए गए। इसी क्रम में रायसेन गेट स्थित संतोष नेमा मिष्ठान से मावा लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया।
सिरोंज क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कल्पना अर्शिया द्वारा माँ शीतला स्वीट्स का निरीक्षण कर मावा लड्डू, मावा एवं नमकीन के नमूने लिए गए। वहीं तिरुपति मिष्ठान भंडार से मावा लड्डू एवं बेसन लड्डू के नमूने संकलित किए गए। सभी नमूनों को विधिवत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
अभियान के दौरान माधवगंज, विदिशा क्षेत्र में हाथ ठेलों पर मावा विक्रय करने वाले विक्रेताओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विक्रेताओं को खराब, मिलावटी अथवा अमानक गुणवत्ता वाले मावा का विक्रय नहीं करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में गंजबासौदा स्थित अग्रवाल स्वीट्स से भी मावा का नमूना संग्रहित किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सारिका गुप्ता द्वारा महानीम चौराहा स्थित चौबे स्वीट्स एंड बेकरी का निरीक्षण कर मावा लड्डू, मावा एवं नमकीन के नमूने परीक्षण हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि त्योहारी सत्र के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों एवं मिठाई विक्रेताओं के निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। संकलित नमूनों के प्रयोगशाला परीक्षण प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट, अमानकता अथवा अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहारी अवसरों पर खाद्य सामग्री एवं मिठाइयां विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें तथा संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के संबंध में संबंधित विभाग को सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर