विदिशाः संभाग आयुक्त शर्मा ने डिजिटल रिकॉर्ड रूम और कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
विदिशा, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा प्रवास के दौरान भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित डिजिटल रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में संपादित किए जा रहे कार्यों की जानकारी संबंधित कर्मियों से ली और व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
संभाग आयुक्त ने डिजिटल रिकॉर्ड के संधारण, कार्यप्रणाली और रिकॉर्ड प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 225 में संचालित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम के माध्यम से संचालित विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के अवसर पर कलेक्टर अंशुल गुप्ता, अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मॉर्डन रिकार्ड रुम का संक्षिप्त विवरण -
कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में सितंबर 2025 से जिला अभिलेखागार में रखे हुए संपूर्ण अभिलेखों का डिजिटाइजेशन एवं व्यवस्थित रुप से संधारण करने का कार्य किया जा रहा है।डिजिटाइजेशन के प्रथम चरण के तहत जिला अभिलेखागार में रखे हुए अभिलेख जैसे: नामांतरण पंजी, खसरा पांचसाला, किश्तबंदी, क-पत्रक, जिल्द बंदोवस्त एवं दायरा पंजियों को व्यवस्थित कर जिला स्तरीय पंजी का संधारण करते हुए पुराने अभिलेखागार से उक्त अभिलेख को स्थानांतरण करते हुए जिला कलेक्ट्रेट के कंपोजिट भवन के कक्ष क्रमांक 223 एवं 224 में संधारण किया गया है। इसके अतिरिक्त राजस्व न्यायालयों से प्राप्त प्रकरणों का संधारण नवीन जिला डिजिटल अभिलेखागार भवन में किया जा रहा है।
जिला अभिलेखागार के डिजिटाइजेशन हेतु लगभग 30 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिनको 07 दल में विभाजित करते हुए प्रकरणों की छटाई, प्रकरणों को पॉलीथिन में भरने का कार्य, प्लास्टिक के डिब्बे में भरने कार्य एवं डिब्बे पर स्टीकर चस्पा करना इत्यादि कार्य उक्त दलों के द्वारा संपादित किया जा रहा है। जिला कलेक्ट्रेट के कंपोजिट भवन के कक्ष क्रमांक 223 एवं 224 में जिले के समस्त राजस्व ग्रामों के नामांतरण पंजी, खसरा पांचसाला, किश्तबंदी, क-पत्रक, जिल्द बंदोवस्त एवं दायरा पंजियों को व्यवस्थित रुप से संधारित कर कार्य को पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में नवीन जिला अभिलेखागार भवन में राजस्व न्यायालयों से प्राप्त प्रकरणों का संधारण कार्य गतिशील है।
राजस्व और पुलिस अधिकारियों में बेहतर समन्वय से होगी मजबूत कानून व्यवस्था: संभागायुक्त
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रुचि वर्धन मिश्र ने गुरुवार को विदिशा कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभागार में आयोजित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आपसी समन्वय, सतत संवाद और संयुक्त कार्यशैली पर विशेष बल दिया।
संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि किसी भी जिले में प्रभावी प्रशासन और मजबूत कानून व्यवस्था का आधार राजस्व एवं पुलिस विभागों के बीच बेहतर तालमेल होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन परस्पर संवाद बनाए रखें तथा अपने-अपने क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण करें। इससे स्थानीय समस्याओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में आसानी होगी और अनेक कानून व्यवस्था संबंधी मुद्दों का समय रहते समाधान संभव हो सकेगा।
उन्होंने आगामी त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए अधिकारियों को पहले से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी , आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई तथा शांति समिति के माध्यम से सतत संवाद बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए आईजी रुचि वर्धन मिश्र ने सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूर्व तैयारी को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय उपस्थिति बनाए रखनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद तथा समय पर सूचना संकलन से कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा जा सकता है।
आईजी ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्यप्रणाली ही जनता में विश्वास का वातावरण मजबूत करती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से सजग, सतर्क एवं उत्तरदायित्वपूर्ण तरीके से कार्य करते हुए शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक के प्रारंभ में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने जिले की कानून व्यवस्था की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संवेदनशील क्षेत्रों तथा अब तक किए गए महत्वपूर्ण प्रबंधों की जानकारी प्रस्तुत की।उन्होंने आगामी पर्वों के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीतियों और पुलिस की तैयारियों से भी अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच निरंतर समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर