विदिशाः मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत उपसचिव श्रीवास्तव ने किया गांवों का सघन निरीक्षण

 


- ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों, प्रधानमंत्री आवास, शिक्षा, पोषण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी

विदिशा, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उपसचिव हृदेश श्रीवास्तव ने शुक्रवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों का सघन भ्रमण कर विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान श्रीवास्तव ग्राम पंचायत सलैया पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही ग्राम में निर्मित रिचार्ज पिट एवं बावड़ी का भी अवलोकन कर जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन से जुड़े कार्यों की स्थिति देखी।

उन्होंने ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने आवास निर्माण की प्रगति, निर्माण में आ रही किसी भी प्रकार की समस्या तथा योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय-सीमा में उपलब्ध कराया जाए और आवास निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।

श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन के आवेदकों से भी सीधे संवाद किया। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण की स्थिति जानी तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।

उपसचिव श्रीवास्तव ने ग्राम पंचायत धामनोदा के ग्राम ग्रंट पहुंचकर प्राथमिक शाला भवन एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा भवन की स्थिति का जायजा लिया। आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के लिए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

इसके पश्चात उन्होंने ग्राम पंचायत पौआनाला पहुंचकर सीएसईबी ब्लॉक यूनिट तथा कस्टम हायरिंग सेंटर का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र के माध्यम से किसानों को उपलब्ध कराई जा रही कृषि यंत्रों एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली और ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक कृषि तकनीक एवं संसाधनों की पहुंच बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने 'एक बगिया मां के नाम' अभियान के तहत रोपे गए पौधों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की वर्तमान स्थिति, उनकी सुरक्षा एवं देखरेख की जानकारी लेते हुए रोपित पौधों के नियमित संरक्षण और बेहतर देखभाल पर जोर दिया, ताकि अभियान के तहत किए गए पौधरोपण को स्थायी रूप से विकसित किया जा सके।

श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों से मुलाकात कर उनके अनुभव भी जाने। उन्होंने हितग्राहियों से पूछा कि उन्हें योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत हुए इस सघन निरीक्षण का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति को गांवों में पहुंचकर परखना तथा आमजन से सीधे संवाद के माध्यम से समस्याओं और उनके निराकरण की स्थिति को जानना रहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी , जनपद पंचायत विदिशा सहित जनपद स्तरीय पूरा अमला उपस्थित रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर