विदिशाः कलेक्टर एवं एसपी ने जानकी कुंड में प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- विसर्जन व्यवस्था का किया निरीक्षण, रिहर्सल सहित सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के दिए निर्देश
विदिशा, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में कलेक्टर अंशुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने सोमवार को संयुक्त रूप से प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु बनाए गए जानकी कुंड का पुनः निरीक्षण कर वहां की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने निर्देश दिए कि प्रतिमाओं के विसर्जन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का रिहर्सल कर यह सुनिश्चित किया जाए कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें तथा निर्धारित व्यवस्थाओं की मौके पर जांच कर आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करें।
भारी वाहनों का प्रवेश नहीं हो, सुरक्षा हेतु तीन स्तरीय व्यवस्था
कलेक्टर गुप्ता ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि भारी वाहन निर्धारित अवधि में पूर्णतः प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे, इसके लिए तीन स्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यातायात डायवर्जन, बैरिकेडिंग एवं निगरानी व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं प्रतिमा विसर्जन के लिए आने वाले वाहनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गोता खोर, नाव और हाइड्रा-जेसीबी की रहेगी व्यवस्था
कलेक्टर ने जानकी कुंड में प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोर, छोटी नाव तथा हाइड्रा एवं जेसीबी मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन मौके पर तैयार स्थिति में रहें तथा संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी एवं जिम्मेदारियां पूर्व से निर्धारित की जाएं।
प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गुप्ता ने जानकी कुंड एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति रहे तथा किसी भी स्थिति में अंधेरा या विद्युत व्यवधान जैसी समस्या उत्पन्न न हो। सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत व्यवस्था की पूर्व जांच कर आवश्यक वैकल्पिक प्रबंध भी सुनिश्चित किए जाएं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही और प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी एवं सतत निगरानी में रहे। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर समन्वय के साथ व्यवस्थाओं का संचालन करेंगे।
कलेक्टर गुप्ता ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिमा विसर्जन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था की पूर्व तैयारी, रिहर्सल और मौके पर निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि विसर्जन प्रक्रिया सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर