विदिशाः जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष गीता रघुवंशी ने दिए सख्त निर्देश
- नल-जल योजना से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराएं, लापरवाही पर एफआईआर दर्ज हो
विदिशा, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी ने गुरुवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में नल-जल योजनाओं के निर्माण कार्यों के दौरान ग्राम पंचायतों में खोदी गई सड़कों की मरम्मत में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने अथवा अन्य कार्यों के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनकी मरम्मत निर्धारित समय-सीमा में हर हाल में पूरी कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी विभाग द्वारा इस कार्य में लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध पुलिस में प्रकरण दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए।
जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष, सभी सम्मानित सदस्यगण तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पूर्व बैठक के निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गीता रघुवंशी ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले सभी शासकीय कार्यक्रमों की सूचना संबंधित क्षेत्र के जिला पंचायत एवं जनप्रतिनिधियों को समय पर दी जाए तथा उन्हें सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाए, ताकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय स्थापित हो।
बैठक की शुरुआत में पिछली सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों के अनुपालन प्रतिवेदन को प्रस्तुत किया गया, जिस पर सदस्यों ने चर्चा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। इसके बाद नवीन एजेंडे के विभिन्न बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की गई और विकास कार्यों की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पंचायत स्तर पर आ रही समस्याओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे भी उठाए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक का उद्देश्य ग्रामीण विकास कार्यों की नियमित समीक्षा, विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा जनहित के कार्यों को गति प्रदान करना रहा।
जिला पंचायत सीईओ ओपी सनोडिया ने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बैठक में जो निर्णय लिए गए हैं उनका समय-सीमा में पूर्ण कराया जाएं। उन्होंने बताया कि नये प्रवाधानो के तहत अब पेयजल संबंधी कार्य ग्राम पंचायतों के माध्यम से संपादित किए जाएंगे। पूर्व के वअधुरे ततसंबंधी कार्यों को पूर्व विभाग व एजेंसी को करना होगा।
बैठक में पेयजल व्यवस्थाओं को साथ-साथ शिक्षा स्वास्थ्य, खाद्यान्न वितरण व्यवस्थाओं के अलावा उत्कृष्ट विद्यालय, मॉडल स्कूल 200 सीटर बालिका छात्रावास एवं दिव्यांग छात्रावास में छात्रावास संचालन हेतु निर्धारित संचालन निर्देशिका का पालन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला उत्कृष्ट विद्यालय, मॉडल स्कूल तथा राज्य बजट से संचालित बालक, बालिका छात्रावास में संचालन के निर्देश दिए गए। यह निर्देश कक्षा नवमी से 12वीं तक के लिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर