विदिशाः जनगणना निदेशक ने कलेक्टर से की सौजन्य भेंट, तैयारियों की हुई समीक्षा

 


विदिशा, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनगणना निदेशक एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने बुधवार को विदिशा जिले के प्रवास के दौरान कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अंशुल गुप्ता से कलेक्ट्रेट कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अनिल कुमार डामोर भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर कक्ष में आयोजित इस बैठक के दौरान जिले में जनगणना संबंधी तैयारियों एवं अब तक संपादित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जनगणना की तैयारियों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से किए जा रहे कार्यों की जानकारी जनगणना निदेशक को उपलब्ध कराई।

बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। जनगणना निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने जिले में की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जनगणना प्रक्रिया में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

इस दौरान जनगणना से जुड़े प्रशासनिक पहलुओं, कार्ययोजना तथा आगामी चरणों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ संपादित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर