विदिशाः करारिया लश्करपुर में उत्साह से मनाया गया ‘जल अर्पण दिवस’

 


विदिशा, 04 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के ग्राम करारिया लश्करपुर में बुधवार को जल जीवन मिशन की सफलता के उपलक्ष्य में ‘जल अर्पण दिवस’ उत्सव के रूप में हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने की।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष वीर सिंह रघुवंशी, जनपद उपाध्यक्ष, जनपद सदस्य, मंडल अध्यक्ष, समस्त पंचगण, सरपंच शशि महेंद्र प्रताप सिंह जादौन सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के कार्यपालन यंत्री अनुपम गहोई, सहायक यंत्री दीपक शाह, उपयंत्री संतोष बोरबन, ब्लॉक समन्वयक महेंद्र नारायण सिंह दोगने एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मुकेश टंडन ने सरस्वती पूजन एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाकर किया गया। पीएचई के कार्यपालन यंत्री ने जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत पेयजल योजना की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम अब ‘हर घर जल’ प्रमाणित हो चुका है। उन्होंने जलकर वसूली को सुव्यवस्थित रखने, पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने तथा जल संरक्षण के महत्व पर ग्रामीणों को जागरूक किया।

इस अवसर पर ग्राम के हाई स्कूल में जल संरक्षण विषय पर कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से कु. झलक साहू तथा कक्षा 11वीं से कुमारी नैन्सी साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक टंडन द्वारा योजना का विधिवत हस्तांतरण पत्र ग्राम पंचायत को सौंपा गया। अंत में ग्राम सचिव मनोज डोंगरे ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर