विदिशाः 35-40 वर्ष पुराने अतिक्रमण पर वन विभाग की कार्रवाई, 50 हेक्टेयर वन भूमि कराई गई मुक्त
विदिशा, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा वन मंडल के अंतर्गत गंजबासौदा वन परिक्षेत्र की जाजोंन सब-रेंज में वन विभाग ने बुधवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराया गया। करीब 35 से 40 वर्षों से वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए वन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो आगामी दिनों में भी जारी रहेगा।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) हेमंत यादव के मार्गदर्शन, उपवनमंडलाधिकारी प्रशांत साकरे तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी पिंकी रघुवंशी के निर्देशन में की गई। अभियान में त्योंदा थाना पुलिस और वन विभाग के मैदानी अमले ने संयुक्त रूप से भाग लिया। लगभग 35 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
वन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बीट सूजा के कक्ष क्रमांक 165 में 15 हेक्टेयर, बीट पठारी के कक्ष क्रमांक 166 में 15 हेक्टेयर तथा कक्ष क्रमांक 166ए में 20 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस प्रकार कुल 50 हेक्टेयर क्षेत्र पुनः वन विभाग के नियंत्रण में आ गया है। वन अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की संभावना को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से सुरक्षा उपाय भी शुरू कर दिए गए हैं। इसके तहत तीन जेसीबी मशीनों की सहायता से भूमि पर कंटूर पिट ट्रेंच (सीपीटी) और गहरी खाइयों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि अतिक्रमणकारियों की पुनः घुसपैठ रोकी जा सके। वन विभाग का यह अतिक्रमण बेदखली अभियान गुरुवार को भी जारी रहेगा।
विभाग की योजना है कि मुक्त कराई गई संपूर्ण वन भूमि पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाए, जिससे वन क्षेत्र का विस्तार होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को भी बढ़ावा मिल सके। वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वन संपदा की सुरक्षा और संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर