विदिशाः अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने किया कन्या अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय का औचक निरीक्षण
- महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा; छात्राओं और प्राचार्यों से किया संवाद
विदिशा, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संचालित जन विश्वास अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने शुक्रवार को विदिशा में राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और छात्राओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.डी. अहिरवार ने एसीएस राजन को परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्होंने वाणिज्य संकाय की छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यावसायिक मॉडल, गृह विज्ञान की छात्राओं द्वारा तैयार पौष्टिक व्यंजन तथा लाइब्रेरी में लगाई गई पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्राओं के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कक्षाओं एवं प्रयोगशालाओं का निरीक्षण कर अध्यापन और प्रायोगिक कार्यों की स्थिति देखी। प्राचार्य ने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा प्रयोगशालाओं के सुचारु संचालन की जानकारी दी। कक्षाओं के नियमित एवं व्यवस्थित संचालन पर अपर मुख्य सचिव ने संतोष व्यक्त किया।
छात्राओं से संवाद कर जानीं शैक्षणिक एवं छात्रवृत्ति संबंधी समस्याएं -
निरीक्षण के दौरान अनुपम राजन ने छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, निजी कक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा अध्ययन से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने अपनी आवश्यकताओं और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया। राजन ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
ताइक्वांडो एवं योग प्रशिक्षण का किया अवलोकन
अपर मुख्य सचिव राजन ने महाविद्यालय के बहुउद्देशीय भवन एवं खेल विभाग में संचालित ताइक्वांडो और योग प्रशिक्षण गतिविधियों का भी अवलोकन किया। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में शारीरिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के उपयोग तथा छात्राओं को शिक्षा के साथ खेल एवं शारीरिक प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी ली।
पाठ्यक्रम, छात्रवृत्ति एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा
प्राचार्य डॉ. बी.डी. अहिरवार ने महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति योजनाओं, उनकी प्रगति और कार्यालयीन व्यवस्थाओं के संबंध में अपर मुख्य सचिव को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन का प्रयास है कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उनका बौद्धिक, शारीरिक एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर