विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए बनी है व्हीबी-जी राम जी योजना: सांसद कुशवाह

 


ग्वालियरः व्हीबी-जी राम जी योजना क़े तहत बाल भवन में हुआ पंच – सरपंच सम्मलेन का आयोजन

ग्वालियर, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में व्हीबी-जी राम जी योजना के तहत गुरुवार को बाल भवन के सभागार में सांसद भारत सिंह कुशवाह क़े मुख्य आतिथ्य में पंच-सरपंच सम्मलेन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद कुशवाह ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत क़े संकल्प को ध्यान में रखकर ग्रामीण क्षेत्र क़े सम्पूर्ण विकास के उद्देश्य से व्ही बी जी राम जी योजना शुरू की गई है। इस योजना में नवीन आयाम जोड़े गए हैं।

सांसद कुशवाह ने पूर्व में चल रही मनरेगा योजना एवं व्ही बी जी राम जी योजना क़े अंतर को विस्तार से समझाया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सरपंचों एवं पंचों से आह्वान किया कि ग्राम पंचायत अपने आप में गाँव की सरकार हैं। इसलिए सम्पूर्ण ग्राम पंचायत का मुखिया होने के नाते सरपंच अपनी पंचायत के प्रत्येक वार्ड और सभी क्षेत्रों में प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर योजना बनाएं और संकल्पित होकर कार्य करें।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम क़े अध्यक्ष केशव सिंह बघेल, जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर जाटव, विधायक मोहन सिंह राठौर, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत एवं जनपद पंचायतों क़े अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सरपंच व पंचगण शामिल हुए। साथ ही जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर एवं विधायक मोहन सिंह राठौर क़े द्वारा व्ही बी जी राम जी योजना क़े प्रावधानों क़े माध्यम से ग्रामीण विकास क़े क्षेत्र में सरपंच एवं पंच की भूमिका क़े सम्बन्ध में एवं उनके अधिकार और उत्तरदायित्वों की जानकारी दी। साथ ही व्ही बी जी राम जी योजना क़े माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत और विकसित भारत की संकल्पना पर जोर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने व्ही बी जी राम जी योजना क़े प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा अब नल जल योजनाओं के संधारण एवं संचालन में ग्राम पंचायतों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही व्ही बी जी राम जी योजना क़े तहत सम्पूर्ण ग्राम विकास की रूपरेखा एवं कार्यों क़े प्रावधानों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा व्ही बी जी रामजी योजना रोजगार से स्वरोजगार और स्वरोजगार से रोजगार प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

आरंभ में सांसद कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर पंच-सरपंच सम्मेलन का शुभारंभ किया।कार्यक्रम क़े अंत में परियोजना अधिकारी जिला पंचायत वेदव्रत व्यास द्वारा सभी अतिथिगण, जनप्रतिनिधि सरपंच, पंच, एवं शासकीय सेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर